हमें वीगन जीवनशैली क्यों अपनानी चाहिए?
एक व्यक्ति वीगन जीवनशैली अपना कर धरती के अन्य जीवों के लिए वरदान बन सकता है। वीगन फिलोसॉफी पशु-पक्षी के जीवन को उतना ही महत्वपूर्ण मानती है जितना की एक मानव का है।
वीगन एक्टिविज्म की बात करें तो यह एक अभियान है जो सामान्य लोगों को एनिमल राइट्स के बारे में बतलाता है।
ज्यादातर लोग मुख्य रूप से तीन कारणों से वीगन जीवनशैली अपनाते हैं -
1) पशु शोषण (animal cruelty) को रोकने के लिए।
2) पर्यावरणीय परिप्रेक्ष्य,
3) स्वास्थ्य लाभ।
वीगन होने के नाते, हम जानवरों के लिए योद्धा हैं हालाँकि किसी जानवर ने हमसे ऐसा करने के लिए नहीं कहा, लेकिन हमारे साथी मनुष्यों और मानव निर्मित प्रणाली के द्वारा जानवरों का शोषण ही कारण है कि वीगन जैसे विश्व व्यापी कैंपेन की जरूरत पड़ी।
वीगन जीवनशैली में फूड, क्लॉथ और सौंदर्य प्रसाधन में सही चुनाव शुरुआत के लिए प्रमुख चीजें हैं।
वीगन डाइट क्या है?
वीगन डाइट का पालन करने का अर्थ है किसी भी एनिमल प्रोडक्ट्स का उपयोग नहीं करना। इसके बजाय वीगन लोग पौधे-आधारित खाद्य पदार्थ, जैसे कि फल, सब्जियां, अनाज, फलियां, नट्स, बीज, और पौधे-आधारित विकल्प जैसे सोया दूध या बादाम दूध आदि का सेवन करने पर ध्यान देते हैं।
वीगन डाइट दो प्रकार के होते हैं
1) वीगन
2) Raw-वीगन
Raw-वीगन एक विशिष्ट प्रकार का डाइट है जिसमें केवल कच्चे और असंसाधित पौधे-आधारित खाद्य पदार्थों का सेवन शामिल होता है। यह आहार कच्चे फल, सब्जियां, नट्स, बीज, अंकुरित अनाज के सेवन पर जोर देता है।
बहुत सारे लोग वीगन डाइट को एक स्वास्थ्यप्रद तरीका मानते हैं। यह शिशुओं, बच्चों, किशोरों, वयस्कों और वृद्धों सहित सभी उम्र के लोगों के लिए उपयुक्त है यदि यह अच्छी तरह से प्लान किया गया हो। वीगन भोजन कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। लेकिन यह आप पर निर्भर करता है कि आप इसके बारे में कितना सीखते हैं और इसे किस तरह से अपनाते हैं। वीगन आहार पोषण की दृष्टि से ठीक हो सकता है लेकिन अगर ठीक से प्लान न की जाए तो इसमें विटामिन बी 12, कैल्शियम, ओमेगा -3 फैटी एसिड जैसे आवश्यक कुछ पोषक तत्वों की कमी के कारण नुकसान भी हो सकता है।
- वीगन सुदेश